दिनेशपुर। उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कपिल सैनी निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया कि कपिल वर्तमान में दिनेशपुर के धर्मपुर क्षेत्र में रहकर एक फाइबर कंपनी में काम करता था। वह अपने परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।
परिजनों के अनुसार, कपिल देर रात करीब साढ़े आठ बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। चचेरे भाई सुधीर ने बताया कि पूल जाने से पहले कपिल पूरी तरह स्वस्थ था। कुछ देर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर दिनेशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में यह जांच की जा रही है कि युवक की मौत डूबने से हुई, सिर में चोट लगने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
