काशीपुर । आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर ने तीन स्कूली छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 10वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, दाभोरा टांडा निवासी मनोज सिंह का पुत्र शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बरखेड़ी में 10वीं कक्षा का छात्र था। गुरुवार सुबह वह अपने साथियों के साथ स्कूल जा रहा था। उदय राज इंटर कॉलेज काशीपुर का छात्र वासु स्कूल से छुट्टी पर था और वह अपने चचेरे भाई अक्षय व शिवम को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गईं। वहीं, आपस में चचेरे-तहेरे भाई वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। शिवम अपने पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी करके किसी तरह परिवार का गुजर-बसर करते हैं। बेटे की अचानक मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार टैंकर चालक की तलाश के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
