fir (1)

रामपुर। कालेज की ओर से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में जय भीम का नारा लगाने पर एक छात्र की पिटाई हो गई। इसके बाद जाटव समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शिक्षक समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

शाहबाद के करैथी गांव में शनिवार को बादशाह सिंह इंटर कॉलेज की ओर से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान जय भीम के नारे लगाने पर कुछ युवकों ने एक छात्र की पिटाई कर दी। इसमें कॉलेज के शिक्षक रिंकेश की भूमिका होने का भी आरोप लगाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जाटव समाज के लोग आक्रोशित हो गए और कॉलेज पहुंचकर घेराव कर दिया।

हंगामा बढ़ता देख कॉलेज स्टाफ ने आरोपित शिक्षक को वहां से हटा दिया। कोतवाल रणवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सुनील सागर समेत कार्यकर्ता भी कॉलेज पहुंच गए। लोगों ने पुलिस पर मामले में उचित सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कॉलेज से कोतवाली पहुंच कर कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए। पुलिस उन्हें शांत कराने के प्रयास में जुटी रही। इसके बावजूद न मानने पर पुलिस ने पीड़ित छात्र से तहरीर लेकर उन्हें थाने से भेज दिया। कोतवाल रणवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्र की ओर से शिक्षक रिंकेश निवासी गांव करैथी व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है।

error: Content is protected !!