1200-675-27404244-thumbnail-16x9-pic97-aspera

रुद्रपुर। शहर के श्याम टॉकीज रोड पर डीजे के पीछे जुलूस निकालते कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर हथियार लहराते और नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हाल ही में हुई फायरिंग की एक घटना में विक्रांत उर्फ बागी की मौत हो गई थी। इसके बाद उसके समर्थकों की ओर से लगातार उसके समर्थन में नारेबाजी किए जाने की बात सामने आ रही है। वायरल वीडियो में भी कुछ युवक विक्रांत के समर्थन में जुलूस निकालते और नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में युवकों की ओर से कथित तौर पर ‘विक्रांत, मैं शर्मिंदा हूं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ और ‘विक्रांत उर्फ बागी अमर रहे’ जैसे नारे लगाए जाने की बात कही जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया था। जुलूस में दिखाई दे रही वस्तु वास्तविक हथियार थी या किसी अन्य वस्तु का इस्तेमाल किया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस वायरल वीडियो की जांच के साथ श्याम टॉकीज रोड और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, हथियारों का प्रदर्शन करने या किसी तरह का उपद्रव करने की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवकों की पहचान और वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!