काशीपुर शहर के कटोराताल चौकी क्षेत्र में शराब पीने के दौरान उपजे विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मंगलवार रात कटोराताल निवासी अमित सक्सेना अपने एक साथी के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर अमित के गले पर वार कर दिया। अमित के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल अमित को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से अमित की जान बच गई है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर मिल गई है। प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
