नानकमत्ता। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत नानकमत्ता पुलिस ने एक महिला समेत दो तस्करों को भारी मात्र में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नशे के सौदागरों पर नकेल कसने के लिए गठित टीम ने सिद्धा नवदिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान इस सफलता को अंजाम दिया। कोतवाली निरीक्षक मंजू पांडे ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि बीती रात पुलिस टीम सिद्धा नवदिया के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे एक युवक और महिला को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 14 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सोनू सिंह और सुनीता कौर दोनों निवासी पुरानगढ़ नौगजा, नानकमत्ता के रूप में बताई। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये तस्कर स्मैक कहां से लाए थे और इसे क्षेत्र में किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तारी टीम में प्रतापपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, अपर उपनिरीक्षक हरीश चंद्र, कांस्टेबल नवीन जोशी, नीरज नेगी और महिला कांस्टेबल कमला गोस्वामी शामिल रहीं।
