IMG_20260912_185753

रोजगार की तलाश में श्रमिकों को अब इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। उनको स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए श्रम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश डिजिटल लेबर चौक एप बनाया गया है। इसके जरिए श्रमिक अपनी प्रोफाइल तैयार कर कौशल के अनुसार रोजगार के अवसरों से जुड़ सकेंगे। यह एप निर्माण श्रमिकों के साथ राजमिस्त्री, बढ़ई, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, पेंटर, वेल्डर, टाइल्स मिस्त्री तथा अन्य कुशल, अर्द्धकुशल और अकुशल श्रमिकों के लिए उपयोगी है। श्रमिक मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीयन कर अपना नाम, पता, कार्य का प्रकार, कौशल, अनुभव और इच्छित रोजगार क्षेत्र जैसी जानकारी अपलोड कर सकते हैं। प्रोफाइल के आधार पर उन्हें उपलब्ध रोजगार की जानकारी मिलने में सुविधा होगी।

सहायक श्रमायुक्त संत पाल ने बताया कि एप से श्रमिकों और रोजगार देने वालों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने में भी मदद मिलेगी। रोजगार तलाशने में समय और संसाधन कम खर्च करने पड़ेंगे। श्रम विभाग की ओर से जागरूकता एवं पंजीयन शिविर लगाकर श्रमिकों को एप इंस्टाल कराने के साथ पंजीयन और प्रोफाइल अपडेट करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। समस्या होने पर श्रमिक निकटतम श्रम कार्यालय, जनसेवा केंद्र या विभागीय शिविर में सहायता ले सकते हैं। श्रम विभाग ने श्रमिकों से कहा है कि वे अपनी प्रोफाइल में सही कौशल व अनुभव दर्ज कर समय-समय पर उसे अपडेट रखें। साथ ही पात्र श्रमिक भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं, ई-श्रम, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन और अन्य संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन व नवीनीकरण भी अद्यतन रखें।

स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को रोजगार मिल सकेगा।

श्रमिकों और रोजगार देने वाले के बीच संपर्क बनाने में मदद होगी।

कुशल एवं प्रशिक्षित श्रमिकों को उनकी योग्यता के अनुरूप कार्य से जोड़ने में सहायता मिलेगी।

श्रमिकों को रोजगार के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

एप का उपयोग करने के लिए श्रमिक अपने मोबाइल फोन में उत्तर प्रदेश डिजिटल लेबर चौक एप इंस्टाल कर सकते हैं।

error: Content is protected !!