रुद्रपुर। रुद्रपुर में सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से हलचल मच गई। चार-पांच वाहनों से आई टीम ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। टीम की गतिविधियों को लेकर दिनभर चर्चाएं होती रहीं। आयकर विभाग की टीम सबसे पहले रुद्रपुर के सिविल लाइन स्थित एक अस्पताल पहुंची। यहां टीम ने आवश्यक जानकारी ली।
इसके बाद टीम विशाल मेघा मार्ट स्थित जिम पहुंची। बताया जा रहा है कि यहां भी टीम ने कुछ लोगों से पूछताछ की। इन दोनों स्थानों पर जानकारी जुटाने के बाद टीम रामपुर जिले के बिलासपुर स्थित बत्रा कालोनी पहुंची। यहां शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डा. दीपक छाबड़ा के आवास पर टीम ने जांच की। एक के बाद एक तीन स्थानों पर आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, अस्पताल, जिम और चिकित्सक के आवास पर की गई जांच का आपसी संबंध क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आयकर विभाग की ओर से भी कार्रवाई के कारण और जांच के बिंदुओं को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
