how-to-file-fir

शेयर ट्रेडिंग के नाम लोगों से करोड़ों की हड़पने वाले शातिर ठग सुशील धवन पर शहर के प्रतिष्ठित सर्जन डॉक्टर शिवाकांत मिश्रा ने 5.5 करोड़ की ठगी का आरोप लगाकर नजीराबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उसकी पत्नी और दो बेटियों को भी शामिल किया गया है। ठग के खिलाफ इससे पहले आठ एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

सर्वोदयनगर निवासी सर्जन डॉ. शिवाकांत मिश्रा ने पुलिस को बताया कि बीते 15-20 वर्षों से मोतीविहार निवासी सुशील के परिवार के संपर्क में हैं। उसने पत्नी डॉ. नीलम मिश्रा, बेटे डॉ. शिवांशु व प्रतिष्ठान शिवानी हॉस्पिटल के शेयर ट्रेडिंग एकाउंट खोलकर इंवेस्टमेंट की सलाह दी। लगभग 4.25 करोड़ का निवेश विभिन्न खातों में चेक द्वारा किया गया। इनकी आज की कीमत लगभग 5.5 करोड़ है। आवश्यकता पड़ने व ब्रोकर की संदिग्ध गतिविधियों को देख जमा राशि का भुगतान करने के लिए कहने पर सुशील टालमटौली करने लगा। आरोपी एक फेक एप पर शेयर व स्टेटमेंट दिखाता रहा। आरोपी ने कूटरचित एप व फर्जी दस्तावेजों से 5.5 करोड़ रुपये हड़प लिए। आरोप है कि इस काम में उसकी पत्नी अंजली धवन, बड़ी बेटी सोनाक्षी व छोटी वृंदा भी शामिल हैं।

नजीराबाद इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि सुशील धवन के अलावा उसकी पत्नी और बेटियों के नाम धोखाधड़ी और जालसाजी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पर यह नवीं एफआईआर है। उसे जेल भेजा जा चुका है। मालूम हो कि नटवरलाल सुशील धवन ने करीब 50 लोगों से करोड़ों की ठगी की है।

error: Content is protected !!