मुंबई: भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद समाचार की पुष्टि की है। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार (13 अप्रैल) को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा। वहीं, जो लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देना चाहते हैं, वे सुबह 11 बजे उनके निवास स्थान पर पहुंच सकते हैं। बताया जा रहा है कि आशा भोसले को 11 अप्रैल की शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी कि उन्हें अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
आशा भोसले के निधन की खबर मिलते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। फिल्म, संगीत और राजनीतिक जगत की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। आशा भोसले ने अपने करियर में हजारों गाने गाए और भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी आवाज और गीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।
