उधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग लड़की की शादी समय रहते रुकवा दी। सूचना मिलते ही पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए विवाह रुकवा दिया।

मामले में एडीएम त्रेचा सिंह के नेतृत्व में टीम ने बच्ची को रेस्क्यू कर चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया। इसके बाद उसे रुद्रपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां उसकी काउंसलिंग कराई गई।

बाल कल्याण समिति के निर्देश पर बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। फिलहाल उसे सुरक्षित देखभाल के लिए वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

एडीएम ने परिजनों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की कोशिश करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है, जिसमें जेल तक हो सकती है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

error: Content is protected !!