IMG_20260418_134247

चंपावत। जिला मुख्यालय से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां गोरल चौड़ मैदान में आज शनिवार को जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) के अभ्यास के दौरान भाला फुटबॉल खेल रहे एक पॉलिटेक्निक के छात्र को लग गया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चंपावत में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही थी। आज इसका पहला दिन था। गोरल चौड़ मैदान में सभी छात्र अभ्यास के लिए पहुंचे थे और प्रतियोगिताएं कुछ ही देर बाद संचालित होनी थी।

कुछ छात्र फुटबॉल का अभ्यास कर रहे थे और कुछ युवक जैवलिन थ्रो। इसी दौरान जैवलिन थ्रो कर रहे एक छात्र का भाला फुटबॉल की प्रैक्टिस कर रहे रीठा साहिब के मछियाड निवासी एवं पॉलिटेक्निक द्वितीय वर्ष के छात्र 20 वर्षीय सोमेंद्र सिंह बोहरा को जा लगा।

बताया जा रहा है कि भाला कंधे के बगल में गर्दन के पास अंदर तक धंस गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया बाद में पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है ।

सोमेंद्र सिंह बोहरा रीठा साहिब के मछियाड गांव के रहने वाले थे और चंपावत जूप वार्ड में अपनी बुआ के यहां रहकर पॉलिटेक्निक में पढ़ाई कर रहे थे। वह पॉलिटेक्निक में सेकंड ईयर के छात्र थे। उनके पिता भूपाल सिंह बोहरा गुजरात में नौकरी करते हैं।

बताया जा रहा है कि पॉलिटेक्निक में स्पोर्ट्स टीचर भी नहीं है। बिना दक्ष शिक्षकों की देखरेख में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हो रही थी। पहले दिन ही प्रतियोगिता होनी थी लेकिन इससे पूर्व यह घटना घट गई। पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य विनय शर्मा को इस घटना को लेकर कई बार फोन किया गया लेकिन उनके द्वारा फोन नहीं उठाया गया।

error: Content is protected !!