IMG_20260418_215858

नैनीताल जिले के रामनगर के कानियां क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक होटल के कमरे से स्कूल ड्रेस में दो नाबालिग छात्राएं बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर जांच शुरू कर दी है। रामनगर के कानियां क्षेत्र स्थित एक होटल में उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल ड्रेस में दो नाबालिग छात्राओं के मिलने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि ये दोनों छात्राएं शहर के एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज की हैं और होटल के कमरे में मौजूद थीं।

छात्राओं के साथ मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लिया

सूचना के आधार पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी ने इस मामले को उठाया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर जोगा सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्राओं के साथ मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लिया और कोतवाली ले जाया गया।

बिना उचित पहचान पत्र के होटल में एंट्री कैसे?

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिग छात्राओं का इस तरह होटल में पाया जाना कई सवाल खड़े करता है। वहीं यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि बिना उचित पहचान पत्र के होटल में कमरा दिए जाने जैसी गंभीर लापरवाही हुई है।

पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष ने शेयर किया वीडियो

पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी छापेमारी के दौरान खुद होटल के बाहर मौजूद थे। उन्होंने फेसबुक पर छापेमारी के दौरान का वीडियो भी शेयर किया है और साथ ही इस पूरे मामले को लव जिहाद से जोड़ा है। जोशी का कहना है कि ‘रामनगर में फिर एक और लव जिहाद की घटना जो कि बहुत दुखद है। इंटर कॉलेज की दो बच्चियां यहां पर कमरे में मिली हैं। रिजॉर्ट और होटल मालिक को भी सोचना चाहिए कि बिना आईडी कमरा कैसे दे रहे हो। बार-बार कहने के बावजूद भी माता-पिता जागरूक नहीं हो रहे हैं। ऐसे होटलों पर कार्रवाई होनी चाहिए।’

वीडियो में वे आगे कहते हैं चारों को पकड़ लिया गया है। जिनमें दो लड़कियां और दो लड़के हैं। इनमें एक मुस्लिम युवक भी हो जो कि बालिग लग रहा है। हम पूरे प्रदेश में ये अभियान चलाने जा रहे हैं लेकिन होटलों को यह चेतावनी है कि ये हरकतें बंद कर दें। आखिरकार हमारे समाज के लोग कब जागरूक होंगे।

error: Content is protected !!