images (6)

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में उस वक्त दहशत फैल गई जब दिनदहाड़े बदमाशों ने एक घर में घुसकर फायरिंग कर दी। दिल्ली से शादी में शामिल होने आए युवक को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें वह छर्रे लगने से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर-7 आजाद नगर निवासी राजेश कुमार, जो दिल्ली में मोबाइल शॉप पर काम करता है, दो दिन पहले ही रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने घर आया था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था, तभी 10 से अधिक युवक हथियारों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार पर हमला बोल दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान राजेश के शरीर में 10-11 छर्रे लग गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले राजेश के छोटे भाई का क्षेत्र के ही एक युवक से विवाद हुआ था, जिसके बाद से रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

सीओ रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

error: Content is protected !!