देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना उस समय हुई जब ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीली स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देखते ही दोनों युवक रुकने के बजाय बैरियर तोड़कर टी-स्टेट की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरे को मौके पर ही दबोच लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान अब्दुल्ला निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं दूसरे आरोपी शाहनवाज सलमानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घटना में इस्तेमाल की गई नीली स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109/3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में देहरादून में हुई एक सनसनीखेज घटना के बाद राज्य सरकार ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग, नाकाबंदी और संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
