divyang11637293890164662557816469764951648615882_1652331435

फिरोजाबाद: जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की पूरी तैयारियों के बीच दूल्हा अपनी ममेरी बहन के साथ फरार हो गया। इस घटना से दुल्हन पक्ष में हड़कंप मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, शिकोहाबाद के गांव नीम खेरिया निवासी बॉबी ने अपनी बेटी की शादी अंबे नगर सेलई निवासी पुष्पेंद्र के साथ तय की थी। शादी से पहले टीका-लगन की रस्में भी पूरी हो चुकी थीं और सोमवार रात बारात आनी थी। दुल्हन पक्ष ने बारात के स्वागत की सभी तैयारियां कर रखी थीं।

उधर, दूल्हे के घर पर भी शादी का माहौल था। बैंड-बाजा दरवाजे पर पहुंच चुका था और घोड़ी-बग्गी भी तैयार खड़ी थी। इसी बीच शाम के समय अचानक दूल्हा अपनी ममेरी बहन को लेकर घर से फरार हो गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।

बाद में दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन पक्ष को इस घटना की जानकारी दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। शादी के लिए सजी-धजी दुल्हन मोहिनी हाथों में मेहंदी लगाए दूल्हे और बारात का इंतजार करती रह गई। घटना से उसे गहरा सदमा लगा है।

इधर, शादी की सभी तैयारियां धरी रह गईं और दुल्हन पक्ष के घर जुटे रिश्तेदार मायूस होकर लौट गए। मामले में लड़की पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार दूल्हे की तलाश की जा रही है।

 

error: Content is protected !!