रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके जाने के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया है। आवास विकास वार्ड संख्या 37 गोविंद नगर निवासी समीर सरकार पुत्र तपन सरकार सब्जी मंडी में चाय की दुकान चलाता था। वह किराए के कमरे में पत्नी और बेटे के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि समीर और उसकी पत्नी सुमित्रा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
होली के बाद से उसकी पत्नी बेटे के साथ मायके हस्तिनापुर मेरठ में रह रही थी। पत्नी के अलग रहने के कारण समीर मानसिक तनाव में रहने लगा। वह रोजाना खाना खाने के लिए अपने माता-पिता के घर जाता था लेकिन शुक्रवार रात वह घर नहीं पहुंचा और उसका फोन भी बंद आ रहा था।
अनहोनी की आशंका के चलते पिता ने छोटे बेटे देव सरकार को समीर के कमरे पर भेजा। दरवाजा खोलने पर समीर का शव छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला जिसे देखकर वह स्तब्ध रह गया। सूचना पर उपनिरीक्षक महेश कांडपाल, मनोज जलाल और कांस्टेबल चंदन सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह का मामला सामने आया है। शव को परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
