सितारगंज। उधम सिंह नगर में एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को हाथी के दांत के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हाथी दांत की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सितारगंज क्षेत्र में हाथी दांत और वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सोमवार रात एसटीएफ और बाराकोली रेंज की वन विभाग टीम ने गांव कल्याणपुर में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान टीम ने शक्तिफार्म क्षेत्र के गांव गुरुग्राम निवासी मृत्युंजय हालदार और माणिक मंडल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हाथी का एक दांत बरामद किया। बरामद दांत की लंबाई 3.3 फीट, गोलाई 13 इंच और वजन 7.820 किलोग्राम बताया गया है।
एसएसपी ने बताया कि हाथी दांत और हाथी के अंग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल हैं। ऐसे में इनकी खरीद-फरोख्त और तस्करी गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है।
वहीं, बाराकोली रेंज के रेंजर कैलाश चंद्र गुणवंत ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मंगलवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसटीएफ के निरीक्षक विकास चौधरी, एसआई विपिन चंद्र जोशी, एसआई कृष्ण गोपाल मठपाल सहित अन्य पुलिसकर्मी और वन विभाग के वन दरोगा राम निषाद व सरजीत सिंह समेत कई कर्मचारी शामिल रहे।
