रुद्रपुर में दहेज के लिए बहु को प्रताड़ित करने और बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुरालियों पर प्राथमिकी कर ली है।
पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी राजा कॉलोनी निवासी संतोष कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति संतोष उसे शराब पीकर बेरहमी से पीटने लगा। साथ ही, उसे दहेज नहीं लाने पर ताना मारते हुए ऐसे ही प्रताड़ित करने की बात कही गई। आरोप है कि पति ने उसके जेवर छीनकर भी अपनी मां को दे दिए और उसे मारपीट कर अक्सर भूखा रखा जाने लगा। इसमें उसका साथ सास तारा देवी, ससुर प्रसादी लाल, जेठ वीरेंद्र कुमार,ननद शिवानी कुमारी, चांदनी भी देती थीं। आरोप है कि दो फरवरी की सुबह आठ बजे जब वह पति को नाश्ता देने गई तो उसने अभद्रता की और सास-जेठ से शिकायत करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत ससुरालियों पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी कर ली है।
