performs-Pind-Daan-of-a-living-wife-1778497556674_m

हरिद्वार। हरकी पैड़ी स्थित गंगा घाट पर पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर का कथित रूप से ‘पिंडदान’ कर उसे गंगा में प्रवाहित करने वाले वायरल वीडियो मामले में अब नया मोड़ आ गया है।

वीडियो में दिखाई गई महिला नेहा अरोड़ा सामने आई हैं और उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर जारी बयान में अपने पति अमित अरोड़ा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कुछ समय पूर्व इंटनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक हरकी पैड़ी पहुंचकर पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर के साथ कथित रूप से पिंडदान जैसी क्रिया करता दिखाई दे रहा था।

वीडियो में युवक तस्वीर पर थूकता है और बाद में उसे गंगा में प्रवाहित कर देता है। इस घटना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कई प्रतिक्रिया देखने को मिली। अब इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए नेहा अरोड़ा ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर उनके संबंध में जो दावे किए जा रहे हैं, वे पूरी तरह सही नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि उनके पति अमित अरोड़ा द्वारा किया गया यह कृत्य निजी पारिवारिक विवाद का हिस्सा है, जिसे सार्वजनिक रूप दिया गया। नेहा अरोड़ा ने वीडियो बयान जारी कर कहा, “मेरे पति ने जो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डाला है, उससे मेरी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। मुझ पर गंदी रील और वीडियो बनाने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। मेरे इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर इस प्रकार की कोई सामग्री मौजूद नहीं है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से दोनों अलग रह रहे हैं और तलाक की प्रक्रिया न्यायालय में चल रही है। नेहा ने आरोप लगाया कि उनके पति अक्सर शराब के नशे में विवाद करते थे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते थे। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक परिस्थितियों को सहने के बाद बच्चों पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए अलग रहने का निर्णय लिया गया। नेहा अरोड़ा ने यह भी कहा कि निजी पारिवारिक विवाद को धार्मिक स्थल से जोड़कर सार्वजनिक तमाशा बनाना अनुचित है।

error: Content is protected !!