IMG_20260419_102240

नंदा देवी एक्सप्रेस से संदिग्ध हालात में लापता हुई नवविवाहिता को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से बरामद कर लिया है। किसी बात को लेकर पति नाराज होकर महिला बिहार चली गई थी। बयान दर्ज करने के बाद महिला को उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।

मनीष आग्रही निवासी मछारिया रोड नौबस्ता कानपुर ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनका विवाह 5 फरवरी 2026 को कानपुर निवासी प्रज्ञा सिंह के साथ हुआ था। पति-पत्नी यात्रा के लिए केदारनाथ गए थे।

पांच मई को वह पत्नी के साथ रात्रि साढ़े दस बजे देहरादून से गाजियाबाद जाने वाली नंदा देवी ट्रेन में सवार होकर रवाना हुए थे। ट्रेन के मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन क्रास करने के बाद जब उनकी आंख खुली तो पत्नी सीट पर नहीं थी।

महिला की फोन की लोकेशन लक्सर रेलवे स्टेशन के निकट बहादुरपुर रेलवे फाटक पर मिली थी। जिस पर लक्सर कोतवाली में मामला दर्ज किया था।

विवाहिता की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमों को लगाया गया था। रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाने के साथ ही रेलवे लाइनों के निकट विवाहिता की तलाश मे अभियान चलाया गया था। लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि लापता विवाहिता को बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हुई कहासुनी हो गयी थी। जिससे नाराज होकर वह अपने रिजर्वेशन वाले कोच से निकलकर ट्रेन के दूसरे कोच में सवार हो गई थी, उसने अपने मोबाइल का सिम निकाल कर फेंक दिया था। गाजियाबाद में उतरकर दूसरी ट्रेन से पटना बिहार चली गई थी। जहां उसके परिचित रहते हैं। पूछताछ के बाद विवाहिता को उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।

error: Content is protected !!