cyber_scam-sixteen_nine

रुद्रपुर। क्रेडिट कार्ड धारक को झांसा देकर साइबर ठगों ने 61 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने बैंक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई के बजाय बैंक ने ब्याज सहित 84 हजार रुपये जमा करने का नोटिस भेज दिया। पुलिस से मदद नहीं मिलने पर पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।

खेड़ा रुद्रपुर निवासी मुमताज अहमद पुत्र अनवर हुसैन ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पांच जनवरी 2025 को उसे एसबीआई का क्रेडिट कार्ड जारी हुआ था। कुछ दिन बाद एक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर कॉल की और कार्ड एक्टिवेट करने के नाम पर ओटीपी मांग लिया।

14 फरवरी 2025 को फिर एक व्यक्ति ने खुद को एसबीआई हेड ब्रांच मुंबई का कर्मचारी बताते हुए विश्वास में लिया और मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी ले ली। आरोप है कि ओटीपी साझा करने के बाद उसके क्रेडिट कार्ड से तीन बार में कुल 61,062 रुपये निकाल लिए गए।

पीड़ित का कहना है कि उसने मामले की शिकायत बैंक में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा बैंक ने उस पर बकाया रकम जमा करने का दबाव बनाते हुए ब्याज सहित 84 हजार रुपये जमा करने का नोटिस भेज दिया। बाद में उसने पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

error: Content is protected !!