देहरादून। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने देहरादून के एक स्कूल परिसर में देह व्यापार संचालित होने के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले की गहन जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले संस्थान में इस तरह की गतिविधियां बेहद गंभीर और अक्षम्य हैं। उन्होंने प्रशासन से रैकेट से जुड़े मुख्य आरोपितों और सरगनाओं को बेनकाब कर कानून के तहत कठोर कार्रवाई करने को कहा है।
आयोग ने जिला प्रशासन को शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित संदिग्ध गतिविधियों, शराब और नशे के ठिकानों की भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में स्कूल-कॉलेजों के आसपास इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।
कुसुम कंडवाल ने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपराध और गलत संगति से बचाने में माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
