416deb046fa8281e63c4c4da21d14ea5a38a26a3b9ac7a2be39936ce95dad150.0

कानपुर देहात। बिकरू कांड के आरोपी और गैंगस्टर विकास दुबे के करीबी जयकांत उर्फ जय बाजपेई को छह साल बाद जेल से रिहा कर दिया गया। बुधवार रात करीब आठ बजे वह कानपुर देहात जेल से बाहर आया। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उसकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ।

जय बाजपेई बिकरू कांड के मुख्य मामले और गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में आरोपी था। वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी श्यामू बाजपेई की जमानत भी मंजूर हो चुकी है और उसके बेल बॉन्ड अदालत में दाखिल कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 2 जुलाई 2020 को चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर विकास दुबे गैंग ने हमला कर दिया था। इस घटना में आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने करीब 45 से 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसकी सुनवाई एंटी डकैती कोर्ट में चल रही है।

जय और श्यामू बाजपेई को गैंगस्टर मामले में वर्ष 2023 में 10-10 साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, बचाव पक्ष ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल की थी, जो अभी विचाराधीन है। हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद दोनों आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता सीपी शुक्ला के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की सजा निलंबित करते हुए सशर्त जमानत मंजूर कर ली। जेल प्रशासन ने जय बाजपेई की रिहाई की पुष्टि की है।

इससे पहले बिकरू कांड के आरोपी पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुड्डन त्रिवेदी, उसका चालक सुशील और खुशी दुबे भी जेल से बाहर आ चुके हैं।

error: Content is protected !!