बरेली। राजकीय इंटर कॉलेज बरौर में तैनात गणित प्रवक्ता वशिष्ठ मुनि ने कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर उनकी प्रेमिका और उसके दो भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
मूल रूप से गोरखपुर निवासी वशिष्ठ मुनि शुक्रवार को अपने कमरे में फंदे से लटके मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर रात जब स्वजन पहुंचे तो मामले की वजह सामने आई।
पुलिस के अनुसार कमरे से दो पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें वशिष्ठ मुनि ने अपनी प्रेमिका श्वेता पर मानसिक उत्पीड़न करने, इस्तेमाल करने और जेल भिजवाने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि श्वेता के भाई प्रिंस और शुभम उनसे रुपये ऐंठ चुके हैं।
मृतक के पिता राजबली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि महाराजगंज के नौतनवा निवासी श्वेता ने उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसाकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने श्वेता अग्रहरि और उसके दोनों भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
