सितारगंज। उधम सिंह नगर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में 35 लाख रुपये कीमत की हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बाईपास कॉलोनी, सितारगंज निवासी शादाब के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसआई जगदीश तिवारी ने बताया कि शनिवार रात पुलिस और एएनटीएफ की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान तिरंगा चौराहे से बिज्टी चौराहे की ओर बिना नंबर प्लेट की बाइक से जा रहे युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन सड़क किनारे खंती में गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 119 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बहेड़ी निवासी नदीम ने उसे हेरोइन दी थी और सितारगंज में कार सवार लोगों तक पहुंचाने के बदले पांच हजार रुपये देने की बात कही थी।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह खुद भी नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले भी सितारगंज कोतवाली और पीलीभीत के अमरिया थाने में हेरोइन तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी की बाइक को सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
