कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में सोमवार को एक बड़ी मस्जिद में अंधाधुंध गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस हमले में सुरक्षा गार्ड समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो किशोर संदिग्ध हमलावर भी मारे गए।
घटना सैन डिएगो काउंटी की सबसे बड़ी मस्जिद में हुई, जहां अल रशीद स्कूल भी संचालित होता है। स्कूल में बच्चों को अरबी भाषा, इस्लामी अध्ययन और कुरान की शिक्षा दी जाती है। हादसे के समय मस्जिद परिसर में बच्चों की कक्षाएं चल रही थीं और गैर-मुस्लिमों का एक समूह भी इस्लाम के बारे में जानकारी लेने वहां पहुंचा था।
सैन डिएगो पुलिस प्रमुख स्कॉट वाहल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामले को ‘हेट क्राइम’ यानी घृणा अपराध मानकर जांच की जा रही है। हालांकि हमलावरों के मकसद को लेकर अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। टीवी फुटेज में बच्चों को पुलिस सुरक्षा के बीच मस्जिद परिसर से बाहर निकालते देखा गया। मस्जिद घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है, जहां मध्य-पूर्वी समुदाय के रेस्तरां और बाजार भी मौजूद हैं।
कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूजॉम के कार्यालय ने घटना पर दुख जताया है। प्रशासन ने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और मामले की गहन जांच की जाएगी।
