रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का अपने पति के साथ तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार आशीर्वाद कॉलोनी, गंगापुर निवासी प्रभा शर्मा घर में अकेली रहती थीं। मंगलवार सुबह उनके पिता सतीश शर्मा निर्माण कार्य देखने पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला।
घर के अंदर पहली मंजिल से छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों के पास प्रभा का शव नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। यह देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसियों की मदद से शव नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि प्रभा का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था और पति अंकित गर्ग के साथ तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था।
शादी को सात वर्ष से कम समय होने के कारण मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई कराई गई। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
