1627708690-6433

रुड़की। सुल्तानपुर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी 20 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन गेम में रुपये हारने के बाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार शोएब पुत्र जुल्फिकार सुल्तानपुर कस्बे में चप्पल-जूते की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि उसने दुकान के लिए सामान खरीदने के नाम पर परिवार से करीब 40 हजार रुपये लिए थे, लेकिन वह रकम ऑनलाइन गेम में हार गया। रुपये गंवाने के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
बताया गया कि मंगलवार को परेशान होकर शोएब ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे आनन-फानन अस्पताल लेकर पहुंचे। बुधवार को उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!