जिले में पुलिस ने बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के रह रहे यूक्रेन के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि विदेशी नागरिक ट्रैकिंग के दौरान जंगल में रास्ता भटक गया था और पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया, जिसके बाद वह किसी तरह गांव पहुंचा।
मामला कपकोट क्षेत्र के ग्राम डौला का है। 24 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एक विदेशी युवक घायल अवस्था में गांव पहुंचा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी कपकोट में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मेक्सिम स्टार चिंको (36) निवासी खारकीव, यूक्रेन बताया। उसने बताया कि वह चमोली क्षेत्र में ट्रैकिंग कर रहा था और जंगल में रास्ता भटकने के दौरान पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया।
पुलिस ने जब उससे पासपोर्ट, वीजा और भारत में रहने से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने अप्रवास एवं विदेशी विषयक विधेयक 2025 की धारा 3/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।सीओ अजय साह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
