accused_1c00138516a6a51765123d28f7f21984

बरेली के आंवला क्षेत्र में डेढ़ साल के बच्चे के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपहरणकर्ता गोली लगने से घायल हो गए, जबकि अगवा किए गए मासूम ऋषभ को सकुशल बरामद कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर मनौना श्याम मंदिर से सफाईकर्मी रमन का डेढ़ साल का बेटा ऋषभ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। पुलिस को मौके से दो संदिग्धों की सीसीटीवी फुटेज मिली थी, जिसके आधार पर पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बच्चे को लेकर अलीगंज रोड की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने हुलासी फाटक के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हेड कांस्टेबल उमेश की बांह छूते हुए गोली निकल गई।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर निवासी एमएससी नर्सिंग छात्र योगेश और बदायूं निवासी पवन सिंह के रूप में हुई है।

मुठभेड़ के दौरान बाइक गिरने से बच्चा भी नीचे गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने तुरंत सुरक्षित कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। बच्चे के सिर में मामूली चोट आई है और उसका इलाज चल रहा है।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को बेचने की फिराक में थे। फिलहाल पुलिस अंतरजनपदीय बच्चा चोर गिरोह की गतिविधियों और अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

error: Content is protected !!