31pLoc6v6lL._AC_UF1000,1000_QL80_

रुद्रपुर। बकरीद को लेकर प्रशासन ने सख्त तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में मेयर विकास शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस-प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में हाईकोर्ट के निर्देशों और नगर निगम की एसओपी के पालन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में केवल चार पारंपरिक और चिह्नित स्थानों पर ही कुर्बानी की अनुमति होगी। इनमें खेड़ा, आदर्श कॉलोनी, सीरगोटिया और सुभाष कॉलोनी शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक स्थल पर केवल एक सांकेतिक कुर्बानी की अनुमति रहेगी और किसी भी स्थान पर एक से अधिक कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी।
कुर्बानी स्थलों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस बल, सिविल अधिकारियों और नगर निगम कर्मचारियों की विशेष तैनाती भी रहेगी, ताकि व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि किसी क्षेत्र में घरों के आसपास या नालियों में खून बहता दिखाई दिया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मेयर विकास शर्मा ने कहा कि देवभूमि की धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, कोतवाल प्रकाश दानू समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!