moradabad-wife-lover-murder-case-up

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी, बहन और बहन के प्रेमी के साथ मिलकर पति की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी का अपने तहेरे भतीजे से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी वजह से पति रास्ते का कांटा बन गया था।

मृतक पवन ठाकुर की शादी वर्ष 2020 में संभल निवासी आंचल से हुई थी। दोनों की एक दो साल की बेटी भी है। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद आंचल का पवन के ताऊ के बेटे अंकित से प्रेम संबंध शुरू हो गया। जब पवन को इसकी जानकारी हुई तो उसने कई बार विरोध किया, लेकिन पत्नी संबंध खत्म करने को तैयार नहीं हुई। परिवार वालों के अनुसार पवन पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था और उसने अपनी बहनों से जान का खतरा भी जताया था।

पुलिस के मुताबिक करीब 15 दिन पहले आंचल मायके गई थी, जहां उसने पति की हत्या की साजिश रची। इस योजना में उसकी बहन शिखा, प्रेमी अंकित और शिखा का प्रेमी दिवाकर भी शामिल हो गया। घटना वाले दिन आंचल ने फोन कर पवन को घर बुलाया। आरोप है कि घर पहुंचते ही चारों ने उसे पकड़कर चारपाई से बांध दिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पवन को कई बार बिजली का करंट दिया। जब इससे भी उसकी मौत नहीं हुई तो उसे कथित तौर पर पानी में जहर मिलाकर पिला दिया गया। हालत बिगड़ने पर आंचल ने परिवार को फोन कर अचानक तबीयत खराब होने की बात कही, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर मामला संदिग्ध लगने लगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों के निशान और करंट दिए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच तेज की। पूछताछ में पत्नी आंचल ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी अंकित, बहन शिखा और दिवाकर को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस घटना के बाद सबसे ज्यादा चर्चा मृतक की दो साल की मासूम बेटी को लेकर हो रही है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया और मां जेल पहुंच गई। इलाके में घटना को लेकर भारी आक्रोश है।

error: Content is protected !!