2022_5image_11_02_398743214arrested

दिनेशपुर। साइबर ठगी के आरोपी को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार आठ मई को हरियाणा के हांसी थाने के एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम साइबर ठगी के आरोपी उदयनगर निवासी भारत सिंह को पकड़ने दिनेशपुर पहुंची थी। आरोप है कि दबिश के दौरान आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान आरोपियों ने एएसआई प्रेम कुमार पर कार चढ़ाने की कोशिश की और उन्हें करीब चार किलोमीटर तक कार के बोनट पर लटकाकर ले गए। बाद में बसंतीपुर गांव के पास उन्हें गिराकर आरोपी फरार हो गए थे।

मामले में हरियाणा पुलिस की तहरीर पर भारत सिंह समेत सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान केलाखेड़ा के गांव बाजावाला निवासी विरेंद्र सिंह उर्फ हेरी और रम्पुराकाजी निवासी रमन सिंह की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को आनंदखेड़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

error: Content is protected !!