काशीपुर। शहर के खड़कपुर देवीपुरा स्थित एक कोयला गोदाम में युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला टांडा उज्जैन निवासी जितेंद्र कश्यप पुत्र सीताराम खड़कपुर देवीपुरा स्थित एक कोयला गोदाम में कार्य करता था। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह ड्यूटी के लिए गया था। शाम के समय उसके मित्र विशाल ने फोन कर उसे घर ले जाने की बात कही, लेकिन जितेंद्र ने उसे गोदाम आने से मना कर दिया।
रात 11 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। सोमवार सुबह करीब 8 बजे जब गोदाम के कर्मचारी पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर जितेंद्र का शव एंगल से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। इसी वर्ष उसके माता-पिता का भी निधन हो चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
