nilambit-1761351827971_m

बरेली। शाही थाने में तैनात एक सिपाही पर महिला आरक्षी को शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बनाने और अपनी शादीशुदा पहचान छिपाने का आरोप लगा है। मामले की प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार शाही थाने में तैनात अमित ने एक रिक्रूट महिला आरक्षी से दोस्ती बढ़ाई। आरोप है कि उसने खुद को अविवाहित बताते हुए महिला आरक्षी को शादी का भरोसा दिलाया और उससे प्रेम संबंध बनाए। कुछ समय बाद महिला आरक्षी को अमित चौधरी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। सच्चाई सामने आने के बाद महिला आरक्षी मानसिक तनाव में आ गई।

बताया जा रहा है कि 31 मई को महिला आरक्षी ने अवसाद में आकर एक साथ कई दवाइयों का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर शाही थाना प्रभारी ने पूरे मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले की प्रारंभिक जांच सीओ मीरगंज अजय कुमार को सौंपी। जांच रिपोर्ट में आरक्षी पर लगे आरोपों को गंभीर माना गया। इसके बाद एसएसपी ने आरोपी सिपाही अमित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने अपने आदेश में कहा कि पुलिसकर्मी के इस आचरण से विभाग की छवि धूमिल हुई है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, इस प्रकरण के बाद शाही थाने से जुड़े अन्य कथित प्रेम प्रसंगों की चर्चाएं भी सोशल मीडिया पर तेज हो गई हैं। हालांकि वायरल हो रही सूचनाओं और पर्चियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

error: Content is protected !!