पीलीभीत। बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी के मायके से ससुराल आने से इनकार करने पर एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। युवक का शव सोमवार सुबह घर के सामने एक खंडहर मकान में बेल्ट के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मामला बीसलपुर क्षेत्र के गांव सिमरा अकबरगंज का है। मृतक के भाई प्रदीप गंगवार ने बताया कि उनके भाई जयप्रकाश गंगवार शनिवार को लखनऊ स्थित अपनी ससुराल पत्नी आशा देवी को लेने गए थे। रविवार शाम वह अकेले घर लौट आए। बताया जाता है कि उनकी पत्नी ने ससुराल आने से मना कर दिया था।
परिजनों के अनुसार, जयप्रकाश ने घर पहुंचकर पूरी बात परिवार को बताई। इसके बाद वह काफी परेशान और निराश दिखाई दे रहे थे। रविवार देर रात वह घर के सामने स्थित एक खंडहर मकान में पहुंचे और लोहे की सरिया के सहारे बेल्ट का फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
सोमवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाल संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की मां शांति देवी, भाई प्रदीप गंगवार और बहनों रेखा देवी, लक्ष्मी देवी व राजकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि जयप्रकाश की शादी नवंबर 2025 में आशा देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद आशा केवल एक बार ससुराल आई थी। इसके बाद वह मायके में ही रह रही थी और ससुराल आने को तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर जयप्रकाश लंबे समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
