सितारगंज। शक्तिफार्म क्षेत्र में एक युवती पर उसके पूर्व लिव-इन पार्टनर द्वारा फायरिंग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोली युवती के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां माया मंडल निवासी जयंतनगर नंबर-दो, शक्तिफार्म ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री रुद्रपुर स्थित सिंह कॉलोनी, शांति विहार फ्लैट में आरोपी युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद करीब एक सप्ताह पहले युवती फ्लैट छोड़कर अपने घर लौट आई थी।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर युवती को परेशान कर रहा था। वह फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के साथ ही दोबारा साथ रहने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार शाम आरोपी ने रास्ते में युवती को रोककर तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गई।
परिजनों का कहना है कि यदि गोली सीधे लग जाती तो युवती की जान जा सकती थी। पुलिस ने आरोपी अजय के खिलाफ हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ खटीमा नीरज सेमवाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घायल युवती के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसके बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
