anuj-crime_5d7810c3849fb881eb0f2de52c9575f6

बाजपुर। उत्तराखंड में अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ, पंजाब पुलिस और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र में छिपे पंजाब के वांछित अपराधी ईशानप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी पंजाब के अमृतसर का निवासी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह मई 2026 से बाजपुर क्षेत्र में छिपकर रह रहा था।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि 23 मई 2026 को अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बीएसएफ द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुलिस को देखकर ईशानप्रीत सिंह मकान की छत से कूदकर फरार हो गया था।

आरोपी के घर की तलाशी में 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। बरामद हथियारों में तीन बरेटा, तीन जिगाना और छह मेड-इन-चाइना पिस्टल शामिल थीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और मादक पदार्थों की खेप पहुंचाई गई थी।

इसके बाद से पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं। हाल ही में उत्तराखंड एसटीएफ को सूचना मिली कि वांछित आरोपी ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जांच जारी है।

error: Content is protected !!