नैनीताल हाईवे पर सड़क किनारे खुलेआम शराब पीकर जाम छलका रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने रविवार देर शाम अभियान चलाया। हाईवे किनारे जमा होकर शराब पी रहे लोगों को देखकर पुलिस मौके पर पहुंची तो कई लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने लाठी भांजकर उन्हें मौके से खदेड़ा और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान शराब पी रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने की चेतावनी देते हुए भविष्य में दोबारा ऐसा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की बात कही। पुलिस का कहना है कि हाईवे किनारे शराब पीने से यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
