गदरपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने यूथ कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक और विधानसभा अध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार राजवीर सिंह यूथ कांग्रेस का पूर्व ब्लाक अध्यक्ष और आकाशदीप सिंह यूथ कांग्रेस का पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रह चुका है। दोनों कांग्रेस से जुड़े हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सरदार नगर अंडरपास कट के पास पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने सहजपाल सिंह और उसके साथियों पर जानलेवा फायरिंग कर दी थी। फायरिंग में गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी थी, जबकि दो अन्य लोग मारपीट में घायल हुए थे। अभियुक्तों के बाद पिस्टल, तमंचा व स्कार्पियों बरामद हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दो कांग्रेस से जुड़े हैं। इनके अलावा पुलिस ने प्रशांत सिंह उर्फ मनी और सौरभ कुमार को भी हरिपुरा जलाशय के पास से दबोचा है। दो फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कांग्रेस नेताओं के आपराधिक मामले में नाम आने से राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।
