बरेली। पंचायत सहायक विशाल ने 300 से ज्यादा फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बना दिए। वह काफी समय से अपने जनसेवा केंद्र पर लोगों से मनचाहे रुपये वसूलकर प्रमाणपत्र जारी करता रहा। इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी नरेश कुमार राठौर ने हाफिजगंज थाने में तहरीर दी। आरंभिक जांच में पता चला कि उसने ग्राम विकास अधिकारी की लॉग-इन आईडी व पासवर्ड चोरी कर लिया था। उसी के जरिये फर्जीवाड़ा करता रहा। जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्रों के आवेदन पर संबंधित निकाय या ग्राम पंचायत जांच कराती है। सत्यापन के बाद इन आवेदनों को जारी किया जाता है। ग्राम पंचायत स्तर पर यह कार्य ग्राम विकास अधिकारी करते हैं।
बीजामऊ कार्यालय में पंचायत सहायक विशाल कुमार ने ग्राम विकास अधिकारी नरेश कुमार राठौर की लागिन, आईडी चोरी कर ली। इसके बाद अपने जनसेवा केंद्र पर फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाने लगा। इसकी भनक लगने पर ग्राम विकास अधिकारी ने जांच कराई। उसमें पाया गया कि विशाल कुमार ने नवाबगंज तहसील ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों के भी आवेदनों पर प्रमाणपत्र जारी कर दिए थे।
आरंभिक तौर पर फर्जी प्रमाणपत्रों की संख्या 300 से अधिक बताई जा रही है। ग्राम विकास अधिकारी ने इसकी जानकारी खंड विकास अधिकारी महेंद्र चंद्र शाक्य को दी। उन्होंने शुक्रवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस के अनुसार, तहरीर की जांच की जा रही, उसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विस्तृत जांच में पता चल सकेगा कि आरोपित ने किन लोगों के फर्जी प्रमाणपत्र बनाए, उसका उद्देश्य क्या था, वह कितने रुपये वसूलता था।
