कानपुर। बर्रा में मोबाइल लुटने से आहत किशोर ने शुक्रवार रात पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वतंत्रता दिवस को उसका जन्मदिन होता है। अपने दो बेटों की बीमारी से मौत के बाद दंपती ने उसे 14 साल पहले गोद लिया था। बर्रा के दामोदर नगर में रहने वाले हरिशचंद्र शर्मा आर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हैं। परिवार में पत्नी उमा और 17 वर्षीय बेटा अमित था। अमित ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। वह आइटीआइ में प्रवेश लेना चाहता था। स्वजन ने बताया कि गुरुवार को अमित गोविंद नगर में कपड़े खरीदने गया था। जहां से लौटने के दौरान नंदलाल चौराहे पर बाइक सवार लुटेरों ने उसका मोबाइल फोन लूट लिया। हालांकि, उसने पुलिस को सूचना नहीं दी।
उसने स्वजन को बताया तो पिता ने पेंशन आने पर मोबाइल फोन दिलाने का आश्वसन दिया। मोबाइल लुटने के बाद से अमित अवसाद में चल रहा था। शुक्रवार शाम मां उमा खाना बना रही थी, जबकि पिता आगे कमरे में बैठे थे। इस पर उसने अपने कमरे में जाकर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मां उमा जब अमित को खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची तो उसका शव फंदे पर लटकता देखकर वह चीख पड़ी। बर्रा थाना प्रभारी रवीन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि मोबाइल फोन लुटने की वजह से अवसाद में चल रही किशोर ने आत्महत्या की है।
