रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात पुलिस और वांटेड बदमाश चंदन सागर के बीच मुठभेड़ हो गई। मालधन के 64 नंबर गेट के जंगल में पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से पुलिस के लिए वांटेड था। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी हथीडांगर वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग गया और वहां छिप गया। पुलिस ने जंगल में उसकी घेराबंदी शुरू की। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान चंदन सागर ने पुलिसकर्मियों और उनके वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। आरोपी ने करीब तीन राउंड फायर किए, जिसमें पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे जंगल की घेराबंदी कर दी गई।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के सीधे पैर में लगी। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हथियार और अन्य सामान बरामद होने की जांच की जा रही है।
हत्या समेत 15 मुकदमे दर्ज
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, चंदन सागर के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। रामनगर क्षेत्र में हुई एक हालिया घटना में भी वह आरोपी था और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने भी अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
