सितारगंज नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने अलग अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से कुल 14-18 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। तस्करी में प्रयुक्त आई दस कार, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई बिज्टी चौराहा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध आई दस कार को रोककर चेकिंग का प्रयास किया तो उसमें सवार दोनों व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 8-33 ग्राम स्मैक बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने स्मैक के परिवहन में प्रयुक्त आई दस कार संख्या यूके06एसी1937 और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए। दूसरी कार्रवाई ग्राम दियूधार क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ने के बाद तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 5-85 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक के परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूके06एपी6757 और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए। पुलिस के अनुसार दोनों कार्रवाइयों में कुल 14-18 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान देवेश कुमार निवासी सितारगंज, मूल निवासी नैनीताल, अमनदीप निवासी ग्राम सिंघाईखुर्द, थाना संपूर्णानगर, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सितारगंज, और आकाशदीप सिंह निवासी ग्राम बनवसा, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। बरामदगी के संबंध में कोतवाली सितारगंज में मुकदमा अपराध संख्या 442/2026 और 443/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक दीपक तिवारी, चौकी प्रभारी सरकड़ा, उपनिरीक्षक कैलाश सिंह देव, कस्बा प्रभारी, हेड कांस्टेबल मतलूब खान तथा कांस्टेबल प्रेम कनवाल और इमदाद हुसैन शामिल रहे।
