रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में साइबर ठगों ने गैस बिल जमा करने के नाम पर एक व्यक्ति से 2.32 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन खातों की भी जानकारी जुटा रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर हुई है। वसुंधरा गुरुबक्स ग्रीन, गंगापुर रोड निवासी नितिन कुमार के अनुसार 29 सितंबर को उनके व्हाट्सएप नंबर पर गैस बिल जमा करने संबंधी संदेश आया। इसमें बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी। संदेश में बिल अधिकारी देवेश जोशी से संपर्क करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। नितिन ने दिए गए नंबर पर फोन किया तो सामने वाले ने बताया कि उनका बिल अभी जनरेट नहीं हुआ है। इसके बाद एक लिंक भेजकर बिल जनरेट करने की बात कही गई। नितिन के अनुसार लिंक खोलने पर 13 रुपये का बिल दिखाई दिया। ठग ने पहले 13 रुपये कार्ड से जमा करने को कहा।
इस दौरान नितिन ने लिंक पर अपने बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी। पत्नी के बैंक खाते की जानकारी भी दर्ज की गई, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद सामने वाले ने अगले दिन सुबह 7ः30 बजे फोन करने की बात कहकर कॉल काट दी। आरोप है कि रात में नितिन के खातों से रकम निकलने लगी। उनके बैंक खाते से 17 हजार रुपये, क्रेडिट कार्ड से दो लाख रुपये और पत्नी के बैंक खाते से 14 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर नितिन ने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसआई मुकेश मिश्रा ने बताया कि अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मोबाइल नंबर और भेजे गए लिंक के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
