IMG_20261006_081125

रुद्रपुर। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव की मतगणना अब सात अक्टूबर को होगी। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को मतगणना का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया। दोनों निकायों में 22 सितंबर को मतदान हो चुका है।

उच्च न्यायालय ने 30 सितंबर को पारित आदेश में मतगणना तीन सप्ताह बाद कराने के निर्देश दिए थे। इसके विरुद्ध अलीना मलिक की ओर से उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की गई थी।

परिणाम तत्काल घोषित करने का निर्देश

पांच अक्टूबर को सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय के 30 सितंबर के आदेश के प्रभाव और संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी। साथ ही किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के चुनाव की मतगणना कराने और परिणाम तत्काल घोषित करने का निर्देश दिया। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग की संशोधित अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना के लिए सात अक्टूबर की तिथि निर्धारित की है। मतगणना सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक चलेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब दोनों निकायों के प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना पर टिक गई हैं।

error: Content is protected !!