body-sixteen_nine

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक निजी अस्पताल में महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि इलाज के नाम पर अस्पताल में करीब 3.5 लाख रुपये खर्च हुए। नानकमत्ता के प्रतापपुर निवासी 25 वर्षीय नीतू चौधरी को बुखार और दौरे पड़ने के बाद 29 सितंबर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। मंगलवार सुबह अस्पताल की ओर से परिजनों को नीतू की मौत की जानकारी दी गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच विवाद भी हुआ।

परिजनों का आरोप- दो दिन पहले हो चुकी थी मौत

परिजनों ने आरोप लगाया कि नीतू की मौत दो दिन पहले ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन इलाज के नाम पर उनसे पैसे लेता रहा। परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान अस्पताल में करीब 3.5 लाख रुपये खर्च हुए।

पुलिस ने जांच का भरोसा दिया

हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए। उन्होंने शाम को दोबारा अस्पताल पहुंचने की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत का वास्तविक कारण क्या था, इलाज में लापरवाही हुई या नहीं और अस्पताल में इलाज के नाम पर कितनी रकम ली गई—इन सभी आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

error: Content is protected !!