dd7e7f211cb2f8bdc0a0cbaf662aa4ad

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और अब आपदा आने पर मुआवजा सीधे किसानों के खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि पहले किसानों को क्षतिपूर्ति के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता था, जबकि अब सरकार 24 घंटे के भीतर राहत राशि देने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह बात अपने सरकारी आवास पर आयोजित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएफबीवाई) क्षतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम में कही।

कार्यक्रम में खरीफ 2025 में फसल नुकसान झेलने वाले 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3500 परिवारों को 175 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब एक क्लिक पर 460 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में भेजे जा रहे हैं और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है।

इस दौरान बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय व मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं, झांसी के मऊरानीपुर में 50 शैया छात्रावास और लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो का शिलान्यास भी किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 25 जिलों में लगभग 30 हजार युवा स्वयंसेवकों को “आपदा मित्र” बनाया गया है और 45 हजार होमगार्ड भर्ती में इन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी और आजमगढ़ में डॉप्लर वेदर राडार लगाए जाएंगे, जिससे मौसम पूर्वानुमान और आकाशीय बिजली की चेतावनी समय पर मिल सकेगी। प्रदेश में पहले ही 450 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और 2000 रेन गेज स्थापित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 18 से 70 वर्ष तक के किसान, बटाईदार और खेतिहर मजदूर पांच लाख रुपये तक का बीमा लाभ ले सकते हैं। कार्यक्रम में कई लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने स्वयं चेक और बीमा पॉलिसी प्रदान की।

error: Content is protected !!