किच्छा। एएनटीएफ कुमाऊं ने महिला तस्कर को लालपुर में भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से स्मैक बेचने से एकत्र की चार हजार की धनराशि भी बरामद की है। पुलिस ने महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। मंगलवार शाम एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं के एसआई विनोद जोशी ने महिला द्वारा स्मैक तस्करी की सूचना पर लालपुर पहुंच घेराबंदी कर किच्छा पुलिस को सूचना दी। लालपुर चौकी पुलिस के पहुंचने पर उनके साथ शमशान घाट के आगे खाली मैदान के पास मकान की आड़ में खड़ी महिला को दबिश दे गिरफ्तार कर लिया।
महिला के पास से पुलिस ने 133 ग्राम स्मैक बरामद कर ली। महिला ने अपना नाम सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर पत्नी वसीम सिंह निवासी लालपुर टिब्बा थाना किच्छा बताया। पूछताछ में उसने बताया बरामद स्मैक उसने लालपुर गुरुद्वारे के पास रहने वाले व्यक्ति से ढाई हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से खरीदी थी। जिसकी पुड़िया बना कर वह पांच साई से आठ सौ रुपए में बेच देती है। वह पिछले डेढ़ वर्ष से स्मैक की तस्करी कर रही है। पूर्व में वह कच्ची शराब की तस्करी में भी जेल जा चुकी है। पुलिस जसके पास से बरामद मोबाइल को डिकोड कर स्मैक तस्करी के लालपुर कनेक्शन की जानकारी जुटाने में लगी है। जिससे एक बड़े नेटवर्क के पर्दाफाश की संभावनाएं व्यक्त की जा रही है।
